वाराणसी खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए निर्धारित मतदेय स्थलों का अधिग्रहण, 23 अक्टूबर को नहीं होगा शासकीय एवं शिक्षण कार्य
जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी किया आदेश, 22 से 23 अक्टूबर तक अधिग्रहित रहेंगे निर्धारित मतदेय स्थल –
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले मतदान के दृष्टिगत जनपद सोनभद्र में निर्धारित मतदेय स्थलों के अधिग्रहण का आदेश जारी किया गया है। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा-160 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए संबंधित मतदेय स्थलों को 22 अक्टूबर 2026 से 23 अक्टूबर 2026 तक अधिग्रहित करने का आदेश दिया है। भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की निर्देश के क्रम में यह कार्रवाई की गई है।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 19 मतदेय स्थल निर्धारित
वाराणसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जनपद में कुल 19 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें घोरावल, करमा, रॉबर्ट्सगंज, चुर्क, चतरा, नगवां, चोपन, ओबरा, कोन, दुद्धी, बीजपुर, बभनी, रेनुकूट, पिपरी, अनपरा एवं बीना सहित विभिन्न क्षेत्रों के निर्धारित भवन शामिल हैं। इनमें विकास खण्ड कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान तथा अन्य निर्धारित सरकारी भवनों में मतदान की व्यवस्था की गई है।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 13 मतदेय स्थल*
इसी प्रकार, वाराणसी खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जनपद सोनभद्र में कुल 13 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें घोरावल, करमा, रॉबर्ट्सगंज, चतरा, नगवां, चोपन, ओबरा, कोन, दुद्धी, बभनी, रेनुकूट, अनपरा एवं बीना क्षेत्र के निर्धारित भवन शामिल हैं।
23 अक्टूबर को नहीं होगा शासकीय एवं शिक्षण कार्य
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अधिग्रहित मतदेय स्थलों पर 23 अक्टूबर 2026 को कोई भी शासकीय अथवा शिक्षण कार्य नहीं होगा। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए संबंधित स्थलों को निर्धारित अवधि में निर्वाचन कार्य हेतु उपलब्ध कराया जाएगा।

