एसपी अभिषेक वर्मा ने ओबरा थाना का किया निरीक्षण, कार्यप्रणाली सुधारने के दिए निर्देश.
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -अभिषेक वर्मा द्वारा शनिवार को थाना ओबरा में अर्दली रूम आयोजित कर सर्किल ओबरा की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार सहित सभी थानों के प्रभारी निरीक्षक एवं विवेचकगण उपस्थित रहे। अर्दली रूम के दौरान लंबित विवेचनाओं की प्रकरणवार समीक्षा करते हुए एसपी ने निर्देश दिया कि सभी मामलों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आरोप पत्र निर्धारित समयसीमा के भीतर न्यायालय भेजने पर विशेष जोर दिया गया। आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई और सभी मामलों का समयसीमा के भीतर तथ्यपरक एवं संतोषजनक निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई से संबंधित मामलों में शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित कर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। महिला संबंधी अपराधों के लिए आईटीएसएसओ पोर्टल की समीक्षा करते हुए एसपी ने ऐसे मामलों में संवेदनशीलता बरतने और प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ित पक्ष से नियमित संपर्क बनाए रखने पर भी बल दिया।
अर्दली रूम के पश्चात एसपी ने थाना ओबरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना कार्यालय के अभिलेख, रजिस्टर, लंबित विवेचनाओं के साथ ही हवालात, मालखाना, मेस एवं बैरक का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया। इसके अलावा मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण कर महिला सहायता एवं परामर्श सेवाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। एसपी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया।









