Sonbhadra News: प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर अभिभावकों का फूटा गुस्सा, सपा ने दी आंदोलन की चेतावनी.

पूर्वा टाइम्स समाचार

सोनभद्र। जनपद में नए शैक्षणिक सत्र के शुरू होते ही निजी विद्यालयों द्वारा बढ़ाई गई फीस और महंगी पठन-पाठन सामग्री को लेकर अभिभावकों का आक्रोश सामने आने लगा है। शुक्रवार को तहसील दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अभिभावकों के साथ प्रदर्शन करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और जल्द समाधान की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा के जिला सचिव प्रमोद यादव ने आरोप लगाया कि जनपद के अधिकांश प्राइवेट, विशेषकर इंग्लिश मीडियम स्कूल, मनमाने ढंग से फीस बढ़ाकर अभिभावकों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई के इस दौर में मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों के लिए बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाना बेहद कठिन हो गया है। एडवोकेट कैलाश नाथ तिवारी ने बताया कि कई विद्यालयों ने किताब, कॉपी और यूनिफॉर्म खरीदने के लिए अपनी तय दुकानों को निर्धारित कर रखा है, जिससे अभिभावकों को मजबूरी में उन्हीं दुकानों से अधिक कीमत पर सामग्री खरीदनी पड़ती है। इससे न केवल प्रतिस्पर्धा समाप्त हो रही है, बल्कि अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है। प्रदर्शन में शामिल अभिभावकों, खासकर महिलाओं ने अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि घर की जिम्मेदारियों के साथ बच्चों की पढ़ाई का खर्च संभालना मुश्किल होता जा रहा है। पेट्रोल, गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के बीच शिक्षा का खर्च और अधिक परेशानी बढ़ा रहा है। महिला सभा की जिला अध्यक्ष गीता गौर ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होगी। सपा कार्यकर्ताओं ने भी स्पष्ट कहा कि मांगों पर कार्रवाई न होने की स्थिति में जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस दौरान एडवोकेट सुरेश यादव, कामता यादव, मृगराज सिंह, शाहनवाज, टीटू गुप्ता, लवकुश बिंद और संदीप पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व अभिभावक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *