स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को योगी सरकार देगी आयुष्मान का ‘कवच’

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आयुष्मान योजना से जोड़ने की जोरों पर चल रही तैयारी

सोनभद्र में 3.55 लाख महिलाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य

जन-जन तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ही अब योगी सरकार उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का भी सुरक्षा कवच देने की तैयारी में जुटी है। जनपद सोनभद्र में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़े स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आयुष्मान योजना से जोड़ने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके तहत जिले की करीब 3 लाख 55 हजार महिलाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सरकार की मंशा है कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी कोई भी पात्र महिला गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक संकट का सामना न करे। आयुष्मान योजना के तहत पात्र परिवारों को सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिलती है। योजना से महिलाओं को जोड़ने के बाद उन्हें इलाज के खर्च की चिंता से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।एनआरएलएम के उपायुक्त रविंद्र वीर सिंह ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आयुष्मान योजना का लाभ दिलाने के लिए समूह स्तर पर पात्र महिलाओं की जानकारी जुटाने के साथ ही उन्हें योजना से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। जनपद में वर्तमान में 16 हजार 500 समूह सक्रिय हैं, जिनसे 1 लाख 96 हजार महिलाएं जुड़ी हुई हैं। शासन की ओर से 3 लाख 55 हजार महिलाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके तहत शेष 1 लाख 59 हजार महिलाओं को नए समूह का गठन करने के साथ ही विभिन्न स्वयं सहायता समूह से जोड़ा जाएगा।

सोनभद्र की बड़ी आबादी को मिल सकेगा कैशलेस इलाज
उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं का ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक नेटवर्क है। ऐसे में समूह की महिलाओं को आयुष्मान योजना से जोड़ने से बड़ी संख्या में परिवारों तक स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ पहुंचाया जा सकेगा। इसके लिए संबंधित विभागों और स्वयं सहायता समूहों के स्तर पर समन्वय स्थापित कर काम किया जा रहा है। बताते चलें कि ग्रामीण महिलाओं के लिए यह पहल आर्थिक सशक्तीकरण के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सोनभद्र जैसे बड़े और भौगोलिक रूप से विस्तृत जनपद में 3.55 लाख महिलाओं को आयुष्मान योजना से जोड़ने का लक्ष्य पूरा होने पर बड़ी आबादी को कैशलेस उपचार की सुविधा का लाभ मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *