विहिप की जिला योजना बैठक में आगामी कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा।
पूर्वा टाइम्स – समाचार
चोपन/सोनभद्र- विश्व हिंदू परिषद सोनभद्र जिले की योजना बैठक रविवार को रॉबर्ट्सगंज स्थित होटल सूर्या में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता विहिप जिलाध्यक्ष विद्या शंकर पांडेय ने की। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, अभियानों एवं विभिन्न सामाजिक-धार्मिक गतिविधियों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रांत के धर्म प्रसार प्रमुख नरसिंह त्रिपाठी ने विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस, हित चिंतक अभियान, दुर्गा अष्टमी कार्यक्रम तथा श्रद्धेय अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। वहीं जिलाध्यक्ष विद्या शंकर पांडेय ने बताया कि सोनभद्र जिले में विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर 38 बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि 250 स्थानों पर छोटे कार्यक्रम किए जाने की योजना है। उन्होंने बताया कि मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी की बहनों द्वारा जिले के 39 स्थानों पर दुर्गा अष्टमी कार्यक्रम समारोहपूर्वक आयोजित किए जाएंगे। वहीं, जिले में 51 हजार हित चिंतक बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। समापन सत्र में प्रांत के सह मंत्री एवं सोनभद्र विभाग के पालक सत्य प्रकाश सिंह ने बजरंग दल की टोली, मिलन, बलोपासना, गौ रक्षा, संतों की सूची तैयार करने तथा मंदिरों के अर्चक एवं पुरोहितों की सूची तैयार करने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने वंदे भारत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यात्रा निकालने, सेवा कार्यों का विस्तार करने, रामायण परीक्षा एवं सत्संग विस्तार योजना तथा महर्षि वाल्मीकि जयंती के कार्यक्रमों के संबंध में भी कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए। बैठक में प्रांत के उपाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद, प्रांत के सह गौरक्षा प्रमुख सत्य प्रताप सिंह, विभाग संगठन मंत्री नरेंद्र जी, जिला संयोजिका दुर्गा वाहिनी रिंकू खरवार सहित जिले एवं विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन जिला मंत्री हरिशंकर वर्मा ने किया।


