जमीन विवाद में दो पक्षों में मारपीट, कई महिलाएँ घायल मुकदमा दर्ज

पूर्वा टाइम्स अखिलेश कुमार
गोरखपुर। बड़हलगंज थाना क्षेत्र के पुष्कर खुर्द गांव में पुश्तैनी जमीन और रास्ते के0 विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई।दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले पक्ष से प्रदीप मौर्य पुत्र स्व. गौरीशंकर मौर्य ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि वे अपनी पुश्तैनी जमीन पर मकान का निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान वीरेंद्र मौर्य की पत्नी उर्मिला मौर्य और उनकी बेटियां लक्ष्मी व मोनिका मौके पर पहुंचीं और विवाद करने लगीं। प्रदीप मौर्य ने आरोप लगाया कि उन पर ईंट और डंडे से हमला किया गया। लक्ष्मी मौर्य ने सत्यप्रकाश मौर्य के सीने पर ईंट मारी, जिससे वे घायल हो गए। उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। दूसरे पक्ष की ओर से उर्मिला देवी पत्नी वीरेंद्र मौर्य, लक्ष्मी मौर्य और मोनिका मौर्य ने भी थाने में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदीप मौर्य और सत्यप्रकाश मौर्य ने रास्ते और जमीन के विवाद को लेकर गाली-गलौज करते हुए डंडे और ईंट से हमला किया। इस हमले में उर्मिला देवी के माथे पर गंभीर चोट आई और काफी खून बहा। मोनिका मौर्य का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने और दोनों महिलाओं को घायल करने का आरोप भी लगाया गया है।
पुलिस ने प्रदीप मौर्य की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 125 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, उर्मिला देवी की तहरीर पर धारा 115(2), 125, 352 और 351(3) के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।दोनों मामलों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *