जनपद में औद्योगिक निवेश को गति देने हेतु जिलाधिकारी ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
अडानी जे०एस०डब्ल्यू, अबाडा एवं ग्रीनको परियोजनाओं से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -जनपद में प्रस्तावित एवं संचालित बड़ी औद्योगिक एवं ऊर्जा परियोजनाओं की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आज उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में अडानी जे०एस०डब्ल्यू, अबाडा तथा ग्रीनको कम्पनियों की स्थापना एवं संचालन में आ रही विभिन्न प्रशासनिक, राजस्व एवं वन संबंधी कठिनाइयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी ओबरा/राबर्ट्सगंज, उप जिलाधिकारी ओबरा/राबर्ट्सगंज, जी०एम० डी०आई०सी०, डी०एल०आर०सी० सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से एक-एक बिंदु पर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निवेश से जुड़ी परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि ऊर्जा एवं औद्योगिक क्षेत्र में हो रहे निवेश से जनपद में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा विकास कार्यों को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप निवेशकों के लिए सकारात्मक एवं पारदर्शी वातावरण तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि भूमि संबंधी प्रकरण, वन विभाग की स्वीकृतियां, राजस्व अभिलेखों से जुड़े मुद्दे एवं अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं का त्वरित निस्तारण कराया जाए, ताकि परियोजनाओं का कार्य समयबद्ध रूप से आगे बढ़ सके। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी संबंधित विभाग नियमित रूप से समन्वय बैठक आयोजित कर प्रकरणों की सतत समीक्षा करें तथा लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें।
बैठक में विभिन्न परियोजनाओं से जुड़े तकनीकी, प्रशासनिक एवं विकासात्मक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।









