डस्ट नियंत्रण अभियान की जिलाधिकारी ने की लाइव मॉनिटरिंग, नगर निकायों को दिए प्रभावी छिड़काव के निर्देश.पूर्वा टाइम्स -समाचार सोनभद्र -जनपद में बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण और धूल (डस्ट) की समस्या पर नियंत्रण पाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान की जिलाधिकारी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाइव मॉनिटरिंग की। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत ओबरा, नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज, नगर पंचायत डाला तथा अनपरा क्षेत्र में स्मोक गन मशीनों के माध्यम से किए जा रहे छिड़काव कार्य का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों में तैनात स्मोक गन संचालित कर रहे ड्राइवरों से सीधे संवाद स्थापित किया। उन्होंने मशीनों के संचालन की स्थिति, प्रतिदिन किए जा रहे छिड़काव की अवधि, डस्ट प्रभावित क्षेत्रों और कार्य की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि धूल और प्रदूषण से प्रभावित क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी ढंग से पानी का छिड़काव किया जाए, जिससे लोगों को राहत मिल सके और वायु गुणवत्ता में सुधार हो। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों में चल रहे कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर अभियान संचालित किया जा रहा है। ऐसे में सभी संबंधित विभागों और निकायों की जिम्मेदारी है कि वे पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रदूषण नियंत्रण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि डस्ट नियंत्रण के लिए निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार नियमित छिड़काव, निगरानी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण जनस्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनपद में डस्ट नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर वायु गुणवत्ता सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *