दस मई रविवार को सुबह सात बजे रिलीज होगी हिंदी शॉर्ट फिल्म ‘लालच’

पूर्वा टाइम्स- अखिलेश कुमार
गोरखपुर। श्रेया मोशन पिक्चर के बैनर तले बनी हिंदी शॉर्ट फिल्म ‘लालच’ 10 मई, रविवार को सुबह 7 बजे श्रेया मोशन पिक्चर के यूट्यूब चैनल पर रिलीज होगी। यह पारिवारिक, साफ-सुथरी और कर्णप्रिय गीत-संगीत से सजी फिल्म है, जिसमें अनुभवी कलाकारों ने अभिनय किया है। फिल्म निर्माता अजय कुमार श्रीवास्तव और निर्देशक कौशलेंद्र भूषण ने गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि फिल्म के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि जब व्यक्ति के मन में लालच का शैतान घर कर लेता है, तो वह अपने ही लोगों के खिलाफ भी जा सकता है। उन्होंने आगे कहा कि फिल्म की कहानी इस बात के इर्द-गिर्द बुनी गई है कि जब किसी परिवार में बेटा नहीं होता और सिर्फ बेटियां होती हैं, उनकी शादी के बाद पिता के मन में किस तरह की भावनाएँ और चिंताएँ जन्म लेती हैं। साथ ही, जब बेटियाँ दूसरे घर की हो जाती हैं, तब कुछ लोग ससुराल की संपत्ति पर बुरी नजर डालते हैं और लालच में आकर अपनों के खिलाफ साजिश रचते हैं। इस विषय को रचनात्मक ढंग से फिल्म में दिखाया गया है। निर्माताओं के अनुसार फिल्म की कहानी, संवाद, अभिनय, बैकग्राउंड म्यूजिक, निर्देशन, सिनेमैटोग्राफी और लोकेशन सभी पक्ष मजबूत हैं। दर्शकों से अपील की गई है कि वे 10 मई को सुबह 7 बजे श्रेया मोशन पिक्चर के यूट्यूब चैनल पर फिल्म देखें और कलाकारों को अपना प्यार व आशीर्वाद दें। श्रेया मोशन पिक्चर के बैनर तले नए और उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाता है। फिल्म के निर्माता अजय कुमार श्रीवास्तव, निर्देशक कौशलेंद्र भूषण, लेखक सुनील सिंह, डीओपी राजेश कुरील, बैकग्राउंड म्यूजिक जनार्दन साहनी, गीतकार ख्याल गोरखपुरी, डबिंग आरती स्टूडियो, मेकअप राधेश्याम, संपादक छोटू भाई और गायक प्रभाकर शुक्ला हैं। फिल्म में प्रदीप जायसवाल, अजय कुमार श्रीवास्तव, दिलीप चौधरी, सुधीर श्रीवास्तव, डाली सिंह, सुरभी जान, राधिका यादव, सुनील सिंह और बेचन सिंह ने अभिनय किया है। विशेष सहयोग बाबू भाई का रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *