पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन में परेड की सलामी लेकर किया गया निरीक्षण
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -चुर्क आज पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड की सलामी ली गयी तथा परेड का गहन निरीक्षण किया गया। परेड निरीक्षण के उपरांत पुलिस कर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ, सजग एवं अनुशासित बनाए रखने हेतु दौड़ करायी गयी तथा टोलीवार ड्रिल के माध्यम से एकरूपता एवं अनुशासन का अभ्यास कराया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा यू0 पी0 -112 एवं विभिन्न थानों से आये वाहनों की सघन चेकिंग की गयी। इस दौरान पीआरवी वाहनों पर उपलब्ध दंगा नियंत्रण उपकरण, सुरक्षा सामग्री, वायरलेस सेट, प्राथमिक उपचार किट एवं अन्य आवश्यक संसाधनों का निरीक्षण कर उनकी कार्यशीलता परखी गयी। साथ ही वाहन चालकों एवं पुलिस कर्मियों को वाहनों के रख-रखाव, उपकरणों की नियमित जांच एवं तत्परता बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। तत्पश्चात क्वार्टर गार्द पर तैनात सलामी गार्द द्वारा पुलिस अधीक्षक को सलामी दी गयी, जिसका अभिवादन स्वीकार करते हुए गार्द रजिस्टर पेशी की गयी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द,परिवहन शाखा, स्टोर, मेस, गैस गोदाम, पुलिस बैरक एवं सम्पूर्ण परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये गये। पुलिस अधीक्षक द्वारा मेस का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। साथ ही परेड में सम्मिलित पुलिस कर्मियों से शस्त्र खुलवाकर उनकी कार्यकुशलता एवं प्रशिक्षण स्तर की जांच की गयी तथा विभिन्न थानों से आये आरक्षियों की बीट बुक का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये गये।









