आईएएसओडब्ल्यूए के कार्यक्रम में छाए सोनभद्र के उत्पाद, वरिष्ठ अधिकारियों को भेंट किए गिफ्ट हैंपर
सोन अर्थ’ ब्रांड से ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को मिलेगी नई पहचान, बाजार तक पहुंच बढ़ाने की पहल
आकांक्षा समिति की अध्यक्ष आरुषि मिश्रा व समूह की महिलाओं ने अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री, चीफ सेक्रेटरी व डीजीपी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भेंट किया सोन अर्थ गिफ्ट हैंपर –
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र। सोनभद्र की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार प्राकृतिक और पारंपरिक उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन निरंतर प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी पत्नी संघ (आईएएसओडब्ल्यूए) के कार्यक्रम में सोनभद्र के स्थानीय उत्पादों से तैयार आकर्षक गिफ्ट हैंपर वरिष्ठ अधिकारियों को भेंट किए गए। इस पहल के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के हुनर, स्थानीय उत्पादों की विशिष्टता और महिला सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को सामने रखा गया।
लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम में आईएफएस अधिकारी आरुषि मिश्रा (अध्यक्ष आकांक्षा समिति) के साथ स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं शामिल हुईं। इस अवसर पर आईएफएस अधिकारी आरुषि मिश्रा ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार प्राकृतिक एवं पारंपरिक उत्पादों के गिफ्ट हैंपर उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद, खनन निदेशक उज्ज्वल कुमार तथा एनआरएलएम के निदेशक अरुण कुमार को भेंट किए।
इस दौरान आईएफएस अधिकारी आरुषि मिश्रा ने वरिष्ठ अधिकारियों को सोनभद्र के उत्पादों की ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग और बाजार तक उनकी पहुंच बढ़ाने के लिए सोनभद्र जिला प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को केवल स्थानीय बाजार तक सीमित रखने के बजाय उन्हें व्यापक बाजार उपलब्ध कराने और उनकी व्यावसायिक संभावनाओं को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से जनपद के स्थानीय, पारंपरिक और प्राकृतिक उत्पादों को एक विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए ‘सोन अर्थ’ ब्रांड विकसित किया जा रहा है। इस ब्रांड के माध्यम से विभिन्न उत्पादों को एक साझा पहचान के साथ बाजार में प्रस्तुत करने की योजना है। इसके लिए उत्पादों की गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग और बेहतर विपणन पर भी ध्यान दिया जा रहा है। ब्रांड के लोगो की लॉन्चिंग की तैयारी भी की जा रही है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को बताया कि जिला प्रशासन की इस पहल से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पादों को नए बाजारों तक पहुंचाने, उनकी बिक्री बढ़ाने और आजीविका के अवसर मजबूत करने की संभावनाएं हैं। ‘सोन अर्थ’ ब्रांड सोनभद्र की स्थानीय उत्पाद परंपरा को नई पहचान देने के साथ ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। वहीं दूसरी ओर, वरिष्ठ अधिकारियों ने जिलाधिकारी चर्चित गौड़ व सीडीओ जागृति अवस्थी द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के हुनर, मेहनत और उत्कृष्ट हस्तशिल्प को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित कर ‘सोनअर्थ’ सोनभद्र जनपद को नई पहचान दिलाएगा।
सोनअर्थ’ समूह की महिलाओं बनाएगा आर्थिक समृद्ध
स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार प्राकृतिक एवं पारंपरिक उत्पादों को नया बाजार उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ‘सोनअर्थ’ ब्रांड के नाम से इनकी ब्रांडिंग कर रहा है। इसके तहत उत्पादों को आकर्षक पैकेजिंग और नए कलेवर में तैयार किया जा रहा है, ताकि इन्हें अधिक लोकप्रिय बनाने के साथ बाजार में बेहतर पहचान दिलाई जा सके। जिला प्रशासन की ओर से सभी चयनित उत्पादों की नए स्वरूप में जल्द लॉन्चिंग करने की तैयारी है। इसके साथ ही ‘सोनअर्थ’ ब्रांड का लोगो और प्रोमो भी शीघ्र लॉन्च किया जाएगा। इस पहल से स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ने और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की आमदनी में भी वृद्धि होगी।

