खजनी क्षेत्र में शातिर चोरों ने घर से लाखों के जेवर और नगदी पर किया हाथ साफ, पुलिस पर कार्रवाई में ढिलाई का आरोप।

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

गोरखपुर।खजनी थाना क्षेत्र के महुआडांबर में शुक्रवार देर रात एक चोरी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। मकान मालिक आनंदेश्वर उर्फ संतोष पांडेय के घर पर चोरों ने शातिर तरीके से लगभग 10 लाख रुपये के कीमती जेवर और 4-5 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए। घटना के वक्त घर में मकान मालिक, उनकी पत्नी और 18-19 साल का बेटा मौजूद थे।
रात करीब 1 बजे मकान मालिक की पत्नी को चोरी का आभास हुआ, जिसके बाद उन्होंने अपने पति को इसकी जानकारी दी। दोनों तुरंत बच्चे की सुरक्षा के लिए दौड़े, लेकिन तब तक चोर मौके से फरार हो चुके थे।घटना की सूचना तुरंत खजनी थाने की रिपोर्टिंग चौकी महुआडांबर को दी गई। चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। हालांकि, घटना के दो दिन बाद भी पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई न होने के कारण जनता में नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय लोग पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द दोषियों को पकड़ा जाए।
चोरों ने जिस तरह से इस घटना को अंजाम दिया है, उससे उनके शातिर होने का अंदाजा लगाया जा सकता है। चोरी की इस बड़ी घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि वे इस मामले को गंभीरता से लें और चोरी के माल को बरामद कर दोषियों को गिरफ्तार करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *