कोन पुलिस ने ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त को कस्टडी रिमांड पर लेकर चिकित्सकीय उपकरण किए बरामद.पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोन थाना पुलिस ने ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त डॉ. नसीम अहमद को कस्टडी रिमांड पर लेकर घटना में प्रयुक्त बताए गए चिकित्सकीय उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त की निशानदेही पर कोन कस्बे स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल से छह प्रकार के उपकरण बरामद किए गए। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को दोबारा जिला कारागार घुरमा भेजने के लिए रवाना किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, थाना कोन में 30 मई 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 104/2026 दर्ज किया गया था। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105, 318(4), 3/5, 61(2)(क), 223 तथा एनएमसी एक्ट की धारा 34 से संबंधित बताया गया है। इस मामले में ₹25 हजार का इनाम घोषित अभियुक्त डॉ. नसीम अहमद पुत्र सरफुद्दीन, निवासी ग्राम खरौंधी, थाना कोन, सोनभद्र, न्यायालय में हाजिर हुआ था। इसके बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सोनभद्र के न्यायालय से प्राप्त कस्टडी रिमांड के आदेश पर पुलिस अभियुक्त को जिला कारागार घुरमा से लेकर आई। 14 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम ने अभियुक्त की निशानदेही पर ग्लोबल हॉस्पिटल, कस्बा कोन स्थित घटनास्थल से उपकरण बरामद किए।
छह चिकित्सकीय उपकरण बरामद-:
पुलिस के मुताबिक, बरामद उपकरणों में ऐलिस, मस्किटो, नीडल होल्डर, सीजर, ब्लेड होल्डर और चिमटी शामिल हैं। बरामदगी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और अभियुक्त को पुनः जिला कारागार भेजने के लिए रवाना किया गया।
पुलिस ने दर्ज किया आपराधिक इतिहास-:
प्रेस नोट में अभियुक्त के विरुद्ध थाना कोन में दर्ज दो मुकदमों का उल्लेख किया गया है। इनमें मुकदमा अपराध संख्या 246/2025 और मुकदमा अपराध संख्या 104/2026 शामिल हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं का विवरण भी जारी किया है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक शिवप्रकाश यादव, मुख्य आरक्षी राम प्रवेश कुशवाहा और मुख्य आरक्षी सर्वेश यादव शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, यह बरामदगी कस्टडी रिमांड के दौरान की गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई संबंधित विवेचना और न्यायिक प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।

