विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए मतपेटिकाओं एवं निर्वाचन सामग्री को सुरक्षित वाराणसी पहुंचाने हेतु नोडल अधिकारी नामित

22 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां, 23 अक्टूबर को मतदान के बाद जमा होंगी मतपेटिकाएं
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -जिलाधिकारी
जिला निर्वाचन अधिकारी, सोनभद्र चर्चित गौड़ ने अवगत कराया है कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत वाराणसी खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान दिनांक 23 अक्टूबर, 2026 को सम्पन्न होगा। उक्त निर्वाचन के लिए अधिसूचित मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों पर मतदान कराने हेतु पोलिंग पार्टियां दिनांक 22 अक्टूबर, 2026 को कलेक्ट्रेट परिसर, सोनभद्र से रवाना होंगी। मतदान सम्पन्न होने के उपरांत दिनांक 23 अक्टूबर, 2026 को पोलिंग पार्टियां मतपेटिकाओं एवं अन्य निर्वाचन सामग्री को जमा कराने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में वापस आएंगी। कलेक्ट्रेट परिसर, लोढ़ी स्थित स्ट्रांग रूम में मतपेटिकाओं एवं अन्य निर्वाचन सामग्री को जमा कराने की जिम्मेदारी उप जिलाधिकारी, रॉबर्ट्सगंज/नोडल अधिकारी तथा तहसीलदार, रॉबर्ट्सगंज/सहायक नोडल अधिकारी को सौंपी गई है। इसके उपरांत संबंधित अधिकारियों द्वारा मतपेटिकाओं एवं निर्वाचन सामग्री को पुलिस अभिरक्षा में वाराणसी ले जाया जाएगा। जनपद सोनभद्र से प्राप्त मतपेटिकाओं एवं अन्य निर्वाचन सामग्री को वाराणसी स्थित स्ट्रांग रूम में सुरक्षित जमा कराने के लिए मोहम्मद जफर, उप जिलाधिकारी (न्यायिक), दुद्धी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उन्होंने बताया कि नामित नोडल अधिकारी जनपद सोनभद्र एवं वाराणसी के संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए विधान परिषद वाराणसी खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन की मतपेटिकाओं तथा अन्य निर्वाचन सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित जमा कराने के लिए पूर्णतः उत्तरदायी होंगे। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु, व्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *