Sonbhadra News: बावली में डूबने से मासूम की मौत, परिजनों में मचा कोहराम.
पूर्वा टाइम्स – घनश्याम पाण्डेय
सोनभद्र -जनपद के घोरावल कोतवाली क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है। पेढ़ ग्राम पंचायत में शनिवार शाम करीब पांच बजे एक वर्षीय बालक की बावली में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने देर शाम बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक बालक की पहचान पेढ़ ग्राम निवासी मंगल के एक वर्षीय पुत्र सूरज के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को सूरज अपने घर के सामने आंगन में खेल रहा था। खेलते-खेलते वह घर के पास स्थित एक बावली में गिर गया और पानी में डूबने से उसकी जान चली गई। काफी देर तक जब सूरज दिखाई नहीं दिया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उसका शव बावली से बरामद हुआ। इस हादसे के बाद परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है। घटना की सूचना मिलते ही घोरावल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के मर्चरी हाउस भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक बच्चे के शव को नियमानुसार कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।









