रेनुकूट-पिपरी-मुर्धवा मार्केट क्षेत्र में बाल श्रम उन्मूलन हेतु जागरूकता एवं रेस्क्यू अभियान संचालित –
पूर्वा टाइम्स – समाचार
जनपद सोनभद्र | दिनांक: 12 अगस्त 2026
जिलाधिकारी सोनभद्र एवं उप श्रमायुक्त, मिर्जापुर क्षेत्र के निर्देशानुसार रेनुकूट-पिपरी-मुर्धवा मार्केट क्षेत्र में श्रम विभाग एवं Association for Voluntary Action के समन्वय से बाल श्रम उन्मूलन हेतु जागरूकता अभियान एवं रेस्क्यू ड्राइव संचालित किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं दुकानों का निरीक्षण करते हुए बाल एवं किशोर श्रम के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।
दुकानों के निरीक्षण में एक किशोर श्रमिक चिन्हित, रेस्क्यू कर कराया मुक्त
अभियान के दौरान विभिन्न दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिसमें एक किशोर श्रमिक की पहचान की गई। टीम द्वारा किशोर श्रमिक का रेस्क्यू कर उसे श्रम से मुक्त कराया गया तथा नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई एवं पुनर्वासन की प्रक्रिया शुरू की गई। अभियान के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को बाल एवं किशोर श्रम से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बच्चों से श्रम न कराने के लिए जागरूक किया गया।
व्यापार मंडल की बैठक में बाल श्रम मुक्त अभियान में सहयोग की अपील
अभियान के दौरान व्यापार मंडल की बैठक में भी प्रतिभाग किया गया। अधिकारियों द्वारा व्यापारियों से बाल श्रम मुक्त अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई। बाल श्रमिकों के चिन्हांकन, रेस्क्यू एवं पुनर्वासन की प्रक्रिया में प्रशासन एवं श्रम विभाग को आवश्यक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया गया।
बाल श्रम मुक्त क्षेत्र बनाने के लिए सामुदायिक सहभागिता पर जोर
अभियान का उद्देश्य रेनुकूट-पिपरी-मुर्धवा मार्केट क्षेत्र को बाल श्रम मुक्त बनाना तथा बच्चों के सुरक्षित, शिक्षित एवं बेहतर भविष्य के लिए सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने कहा कि बाल श्रम के विरुद्ध जागरूकता के साथ-साथ प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई भी लगातार जारी रखी जाएगी, ताकि बच्चों को शिक्षा एवं विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।









