फर्जी खनिज परमिट गिरोह का पर्दाफाश, लैपटॉप-प्रिंटर समेत चार गिरफ्तार.

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -अवैध खनन और खनिजों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर परिवहन कराने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रॉबर्ट्सगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फर्जी सिक्योरिटी पेपर तैयार कर गिट्टी-बालू के अवैध परिवहन कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लैपटॉप, प्रिंटर, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 5,900 रुपये नकद समेत फर्जी दस्तावेज तैयार करने में प्रयुक्त डिजिटल सामग्री बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनिल कुमार के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में की गई। प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज रामस्वरूप वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम चौकी हिन्दुआरी क्षेत्र के तेन्दु नहर के पास वांछित आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित आरोपी तेन्दु (मगुरही) स्थित हनुमान मंदिर परिसर में फर्जी दस्तावेज तैयार करने की तैयारी में एकत्र हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अश्विनी पटेल निवासी कूराकला, थाना पन्नूगंज, उमेश यादव निवासी अतरवा शमशेर, थाना नौगढ़, चंदौली, हिमांशु पाण्डेय निवासी प्रीतनगर, थाना चोपन और शक्तिमान कुमार निवासी हलिया बांध, थाना चकरघट्टा, चंदौली के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह द्वारा ब्लैंक सिक्योरिटी पेपर और फार्म-11 को डिजिटल माध्यम से एडिट कर फर्जी परमिट तैयार किए जाते थे। इनमें वाहन संख्या, चालक का विवरण, गिट्टी-बालू की मात्रा समेत अन्य जानकारियां दर्ज की जाती थीं। पुलिस के मुताबिक हिमांशु पाण्डेय ब्लैंक सिक्योरिटी पेपर उपलब्ध कराता था, जबकि अश्विनी पटेल और उमेश यादव इन्हें शक्तिमान कुमार के सहज जनसेवा केंद्र पर ले जाकर एडिट कराते थे। इसके बाद इन फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल खनिज लदे वाहनों के परिवहन में किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एचपी कंपनी का लैपटॉप, कैनन प्रिंटर, चार्जर, चार मोबाइल फोन, 5,900 रुपये नकद और अन्य डिजिटल सामग्री बरामद की है। पूछताछ में 16 और 22 जून 2026 को भी फर्जी सिक्योरिटी पेपर तैयार कराने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन दस्तावेजों और उनसे कराए गए खनिज परिवहन की तकनीकी व विस्तृत जांच कर रही है। मामला थाना रॉबर्ट्सगंज में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 555/2026 से संबंधित है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *