पिछड़ा वर्ग सूची में शामिल करने की मांग पर बढ़ी उम्मीदें, 20 अगस्त को आयोग में होगी अहम सुनवाई

सरकारी सर्वे में ‘भाट’ नाम दर्ज, भ्रम से बचें और एकजुट रहें : आलमगीर एआर रहमानी

राय,भाट,भट्ट उपजाति रहमानी मामले पर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग करेगा सुनवाई

गोरखपुर। राय, भाट एवं रहमानी उपजाति को उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) सूची में शामिल किए जाने की मांग अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। इस संबंध में 20 अगस्त 2026 को राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, उत्तर प्रदेश में महत्वपूर्ण सुनवाई निर्धारित की गई है। आयोग ने रहमानी कौमी एकता संघ (पंजीकृत) के राष्ट्रीय प्रभारी अल्हाज रमजान अहमद रहमानी को पत्र जारी कर सुनवाई में उपस्थित होकर संगठन का पक्ष रखने के लिए आमंत्रित किया है।
आयोग के सचिव मनोज कुमार सागर द्वारा जारी पत्र के अनुसार यह सुनवाई 20 अगस्त 2026 को दोपहर 12:30 बजे, इंदिरा भवन, लखनऊ में आयोजित होगी। इस सूचना के बाद समाज के लोगों, संगठन के पदाधिकारियों एवं समाज सेवियों में नई उम्मीद जगी है कि बिरादरी की सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक स्थिति से जुड़े सभी तथ्य आयोग के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए जाएंगे।
रहमानी कौमी एकता संघ के संस्थापक आलमगीर एआर रहमानी, राष्ट्रीय चेयरमैन हाजी शमीम अहमद आर, राष्ट्रीय अध्यक्ष मुमताज अहमद रहमानी, हाफिज नूर मोहम्मद आर, मुर्तजा हुसैन रहमानी, सेराजुद्दीन रहमानी, इलियास रहमानी तथा मुख्तार रहमानी ने समाज के सभी पदाधिकारियों, बुद्धिजीवियों एवं समाज सेवियों से अपील की है कि वे एकजुट होकर संगठन का पक्ष मजबूती से रखें और इस ऐतिहासिक अवसर पर समाज की आवाज़ को प्रभावी ढंग से आयोग के समक्ष प्रस्तुत करें।
संस्थापक आलमगीर एआर रहमानी ने समाज के लोगों से विशेष अपील करते हुए कहा कि सरकारी सर्वेक्षण में बिरादरी का नाम “भाट” दर्ज है, इसलिए सभी लोग इसी नाम पर एकमत और संगठित रहें। उन्होंने कहा कि समाज के हित को सर्वोपरि रखते हुए किसी भी प्रकार के भ्रम, मतभेद या विभाजन से बचना आवश्यक है। एकजुटता ही समाज के अधिकारों की सबसे बड़ी ताकत है। रहमानी कौमी एकता संघ लंबे समय से राय, भाट एवं रहमानी उप जाति टाइटल को पिछड़ा वर्ग की सूची में शामिल कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। संगठन का मानना है कि आयोग द्वारा सुनवाई के लिए आमंत्रित किया जाना इस लंबे अभियान का महत्वपूर्ण पड़ाव है और इससे समाज की वर्षों पुरानी मांग को न्याय मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *