पुलिस लाइन में HPV टीकाकरण शिविर का आयोजन, बालिकाओं को किया गया जागरूक

गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन में पुलिस लाइन गोरखपुर में पुलिस परिवार की बालिकाओं एवं विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं के लिए एचपीवी (HPV) टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में बालिकाओं ने भाग लेकर टीकाकरण कराया।
इस अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक करना एवं उन्हें समय रहते सुरक्षित करना है। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने टीकाकरण कराने वाली बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रशस्ति-पत्र वितरित किए। साथ ही टीकाकरण के बाद सभी प्रतिभागी बालिकाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका मनोबल बढ़ाया गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में पुलिस अधीक्षक नगर एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन गोरखपुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. नंद लाल कुशवाहा, डॉ. नीरज द्विवेदी, डॉ. विनय शंकर (WHO) एवं उनकी टीम ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बालिकाओं और उनके अभिभावकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा समय-समय पर टीकाकरण कराने की अपील की।








