कैंपियरगंज-पीपीगंज रेलखंड पर बड़ा हादसा टला, ट्रेन से टकराई बाइक, आरपीएफ ने दर्ज किया मुकदमा

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा
गोरखपुर। पीपीगंज कैंपियरगंज रेलवे स्टेशन के मध्य शुक्रवार शाम ग्राम सभा कुई रावत गंज के टोला मेधउली के सामने एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। गाड़ी संख्या 15106 से रेलवे ट्रैक पर खड़ी एक मोटरसाइकिल टकरा गई, जिससे ट्रेन संचालन प्रभावित हुआ और कई ट्रेनों को विलंब का सामना करना पड़ा। मामले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट नकहा जंगल ने अज्ञात बाइक चालक के विरुद्ध रेल अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 29 मई 2026 को शाम लगभग 6.15 बजे कंट्रोल से सूचना मिली कि कैंपियरगंज व पीपीगंज रेलवे स्टेशन के मध्य किलोमीटर संख्या 24/12-11 के पास गाड़ी संख्या 15106 एक मोटरसाइकिल से टकरा गई है। सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट नकहा जंगल से उप निरीक्षक शिव शरण प्रसाद व सहायक उप निरीक्षक उदयराज गौड़ मौके पर पहुंचे।मौके पर मौजूद कमलेश कुमार, जेई/पी-वे/सीएम ने बताया कि ट्रेन के लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को ट्रेन में लोड कर अपने साथ ले गए। मोटरसाइकिल संख्या UP53 EM 7388, हीरो स्प्लेंडर प्लस, काले रंग की थी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली।सूत्रों के अनुसार अज्ञात बाइक चालक ने अनाधिकृत रूप से रेलवे ट्रैक पार करने का प्रयास किया। ट्रेन को अपनी ओर आता देखकर चालक बाइक ट्रैक पर छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।घटना के चलते गाड़ी संख्या 15106 लगभग 51 मिनट तक विलंबित रही, जबकि गाड़ी संख्या 75115 को भी करीब 20 मिनट तक पीपीगंज स्टेशन पर रोकना पड़ा।आरपीएफ ने मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 153, 174 एवं 147 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।








