गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई, 54.10 लाख रुपये की टाटा नेक्सॉन और हाईवा ट्रक कुर्क.

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -जनपद पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराध से अर्जित चल संपत्तियों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक अभियुक्त की 54.10 लाख रुपये मूल्य की टाटा नेक्सॉन कार और हाईवा ट्रक को कुर्क कर लिया है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश पर थाना कोन और थाना ओबरा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार के निकट पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार थाना कोन में पंजीकृत मुकदमा संख्या 01/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 से संबंधित अभियुक्त संजय चौहान पुत्र महावीर निवासी तकिया, थाना रॉबर्ट्सगंज की अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित किया गया था। जांच में पाया गया कि अभियुक्त ने अपराध जगत से अर्जित धन से कई चल संपत्तियां खरीदी थीं। इसके आधार पर जिलाधिकारी सोनभद्र के आदेशानुसार गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के अंतर्गत कुर्की की कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन संख्या यूपी-64 एवी-4916 टाटा नेक्सॉन कार, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 23 हजार रुपये है, तथा वाहन संख्या यूपी-64 सीटी-0316एम हाईवा ट्रक, जिसकी अनुमानित कीमत 44 लाख 87 हजार रुपये है, को कुर्क कर लिया। दोनों वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 54 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियुक्त संजय चौहान के विरुद्ध पूर्व में अवैध खनन सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ थाना कोन में वर्ष 2025 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं उत्तर प्रदेश उपखनिज परिहार नियमावली के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। कुर्की की कार्रवाई में थाना कोन के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा, थाना ओबरा के प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय तथा दोनों थानों की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि जनपद में अपराधियों और माफियाओं के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है, ताकि अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके और समाज में कानून का राज स्थापित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *