कुएं में मिला युवक का शव, झारखंड निवासी के रूप में हुई पहचान –

पूर्वा टाइम्स – समाचार
चोपन/सोनभद्र। थाना क्षेत्र चोपन अंतर्गत बुधवार सुबह एक कुएं में अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह अग्रवाल मार्केट निवासी सत्यदेव पाण्डेय ने पुलिस को सूचना दी कि उनके कुएं से दुर्गंध आ रही है। टार्च की रोशनी में देखने पर कुएं के अंदर एक व्यक्ति का शव औंधे मुंह पड़ा दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पहचान के लिए शव की फोटो व्हाट्सएप और पत्रकारों के माध्यम से प्रसारित की गई। इसी दौरान मृतक के पास मिले मोबाइल से सिम निकालकर संपर्क किया गया, जिसमें उसकी बहन अनीता का नंबर मिला। फोटो भेजकर पुष्टि कराने पर मृतक की पहचान कजेस्तान टोप्पो पुत्र देवपोला टोप्पो, निवासी ग्राम गाडा असारों, थाना जारी, जिला गुमला (झारखंड) के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, मृतक पहले बंगलौर में शेफ (कुक) का काम करता था और बाद में मुंबई में मजदूरी करने लगा था। करीब एक सप्ताह पूर्व उसने परिजनों को बताया था कि वह उत्तर प्रदेश में है, जिसके बाद से उसका फोन बंद हो गया था। परिजनों ने उसके लापता होने की सूचना 1 मई को थाना जारी, जिला गुमला (झारखंड) में दी थी। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम हेतु मर्चरी हाउस भेज दिया है और पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *