खनन क्षेत्र में हुआ विवाद गरमाया, सपा प्रतिनिधि मंडल का डीएम से एक्शन की मांग.पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -जिले के चोपन थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ताजा मामले में समाजवादी पार्टी के नेता व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और सपा नेता अनिल यादव के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप सामने आने के बाद राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि 12 अप्रैल की शाम मीतापुर क्षेत्र में नदी किनारे उस समय यह घटना हुई जब पीड़ित अनिल यादव अपने साथियों के साथ इलाके में भ्रमण करने पहुंचे थे। इसी दौरान जुगैल थाना स्थित मे. रुद्रा माइनिंग एंड कंपनी के बालू खनन में लगे कुछ लोग मशीनों के साथ मौके पर पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट की गई। अनिल यादव ने आरोप लगाया कि उनके साथ मौजूद पप्पू कोल को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाया गया और बाद में एडिशनल एसपी के हस्तक्षेप के बाद चोपन थाने लाया गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने चोपन थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। वहीं, अगले दिन समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधि मंडल जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह से मिला और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग कर न्याय की गुहार लगाई। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मे. रुद्रा माइनिंग द्वारा निर्धारित पट्टा क्षेत्र से बाहर अवैध खनन किया जा रहा है। साथ ही अवैध परिवहन और हाईवे किनारे बिना एमएम परमिट के भंडारण की भी शिकायत की गई। नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में राजनीतिक संरक्षण प्राप्त होने की संभावना है, जिसकी जांच जरूरी है। रॉबर्ट्सगंज सांसद छोटेलाल खरवार ने भी मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि अवैध खनन हो रहा है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।









