गुरुद्वारा सिंह सभा चोपन के जीर्णोद्धार हेतु कमेटी ने नगर पंचायत अध्यक्ष को सौंपा मांग पत्र।

पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -चोपन नगर के प्रमुख धार्मिक स्थल गुरुद्वारा सिंह सभा चोपन के भवन एवं परिसर की जर्जर स्थिति को लेकर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली को एक मांग पत्र सौंपा। समिति के सदस्यों ने बताया कि वर्तमान में गुरुद्वारा का भवन एवं आसपास का परिसर काफी जीर्ण-शीर्ण हो चुका है, जिससे श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। समिति ने मांग करते हुए कहा कि गुरुद्वारा के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक कार्य कराए जाएं तथा इसे नगर पंचायत की विकास योजनाओं में शामिल किया जाए, ताकि इस धार्मिक स्थल का समुचित विकास हो सके और आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ने मांग पत्र को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि गुरुद्वारा के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर संबंधित योजना में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर के सभी धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों का विकास उनकी प्राथमिकता में है और इसके लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गुरुद्वारा परिसर के विकास से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि नगर की सुंदरता और सामाजिक सौहार्द को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह, सचिव पतविन्दर सिंह, अजीत सिंह एवं वीरा सिंह मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *