पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत मातृ एवं शिशु पोषण व मस्तिष्क विकास पर विशेष कार्यक्रम आयोजित पूर्वा टाइम्स – समाचार ओबरा – राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा सोनभद्र की राष्ट्रीय सेवा योजना की चारों इकाईयों के तत्वावधान में पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत मातृ एवं शिशु पोषण और मस्तिष्क विकास के लिए प्रारम्भिक प्रोत्साहनविषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और छोटे बच्चों के समुचित पोषण तथा उनके मानसिक विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहाl कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ) प्रमोद कुमार ने किया l प्राचार्य प्रोफेसर प्रमोद कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार, आयरन-फोलिक एसिड की नियमित खुराक और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच माँ और शिशु दोनों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि शिशु के जीवन के पहले 1000 दिन उसके शारीरिक और मस्तिष्क विकास के लिए सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। कार्यक्रम अधिकारी डॉ सचिन कुमार ने संतुलित आहार की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रोटीन, विटामिन, मिनरल्स और माइक्रोन्यूट्रिएंट्स का सही संतुलन बच्चों की सीखने की क्षमता और स्मरण शक्ति को बढ़ाता है। उन्होंने माताओं को स्थानीय व सस्ते खाद्य पदार्थों जैसे दाल, हरी सब्जियाँ, दूध, अंडा आदि को आहार में शामिल करने की सलाह दी l कार्यक्रम अधिकारी डॉ आलोक यादव ने प्रारम्भिक प्रोत्साहन की महत्ता बताते हुए कहा कि बच्चों से बात करना, खेल-खेल में सिखाना, चित्रों और कहानियों के माध्यम से सीखने का वातावरण देना उनके मस्तिष्क के विकास को तेज करता है। उन्होंने कहा कि माता-पिता का स्नेह और संवाद बच्चों के समग्र विकास की नींव है। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कुपोषण के दुष्परिणाम और उसके समाधान पर प्रभावी संदेश दिया। अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ संघमित्रा ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उक्त अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ अंजलि मिश्रा इत्यादि प्राध्यापक गणों के साथ-साथ कार्यालय अधीक्षक श्री राजेश्वर रंजन, धर्मेंद्र कुमार, महेश पांडेय, सरफुद्दीन, मनीष, अरुण इत्यादि कर्मचारीगण अमित, पायल, खुशी, वर्षा, काजल, सूरज, जाह्नवी, नंदिनी, सलोनी, अक्षय, आकाश, प्रियंका, खुशबु, आकांक्षा, प्रीति, मनीषा इत्यादि भारी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।









