ओबरा में मुख्य मार्ग पर क्षतिग्रस्त नालियां बढ़ा रहीं दुर्घटना की आशंका, जिम्मेदार विभाग निष्क्रिय

पूर्वा टाइम्स – समाचार
ओबरा (सोनभद्र)। नगर के डिग्री कॉलेज से शारदा मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग पर यादव बस्ती स्थित खनन क्षेत्र को जोड़ने वाले चौराहे पर नालियां गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। सड़क के दोनों ओर टूटी नालियां और खुले गड्ढे आवागमन को प्रभावित कर रहे हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को असुविधा के साथ जोखिम का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग खनन क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग होने के कारण यहां लगातार भारी वाहनों का आवागमन बना रहता है। साथ ही घनी आबादी के बीच स्थित होने के कारण स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों और दोपहिया चालकों के लिए यह स्थिति और अधिक संवेदनशील हो जाती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। सुरक्षा के नाम पर अस्थायी रूप से पत्थर रखे गए हैं, जो पर्याप्त नहीं हैं।
वर्तमान स्थिति को देखते हुए यहां किसी संभावित दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की निष्क्रियता और अनदेखी कई प्रश्न खड़े कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *