अवैध ओवरलोड बालू परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 3 टीपर वाहन जब्त.
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र – चोपन थाना क्षेत्र में खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध एवं ओवरलोड बालू परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन टीपर वाहनों को पकड़ लिया। यह कार्रवाई मुख्य बाजार क्षेत्र में की गई, जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खनन विभाग की टीम ने संदिग्ध रूप से गुजर रहे टीपर वाहनों का पीछा किया और उन्हें रोकने में सफलता प्राप्त की। वाहन रुकते ही चालक उन्हें लॉक कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस और अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद वाहनों का लॉक तोड़कर उन्हें अपने कब्जे में लिया। बताया जा रहा है कि अन्य चालक की मदद से तीनों वाहनों को चोपन थाने लाया गया। प्रारंभिक जांच में वाहनों पर लगे नंबर प्लेट संदिग्ध पाए गए हैं, जबकि परिवहन से संबंधित वैध चालान या अनुमति पत्र की भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने ओवरलोड बालू वाहनों से होने वाले संभावित हादसों को लेकर चिंता व्यक्त की। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार ऐसे वाहन गुजरते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है और लगातार वाहन में गीली लदी बालू से पानी रोड पर गिरने से करोड़ो की बनी रोड को भी नुकसान पहुंच रहा है। हालांकि, मौके पर मौजूद अधिकारियों ने विस्तृत जानकारी देने से इंकार करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है और आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई मुख्य बाजार में होने के कारण पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। वहीं, प्रशासन द्वारा अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर सख्ती से कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता भी महसूस की जा रही है।









