चोपन में ब्लॉक स्तरीय मेधावी छात्र परीक्षा 2026-27 संपन्न, चयनित छात्र करेंगे जिले में प्रतिनिधित्वपूर्वा टाइम्स – समाचार​चोपन (सोनभद्र), 7 सितंबर 2026: जनपद में शैक्षणिक दक्षता को बेहतर करने और छात्रों के अधिगम स्तर के आधार पर मेधावी छात्रों का चयन कर उन्हें सम्मानित करने के लिए, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय के मार्गदर्शन में सोमवार को चोपन ब्लॉक में ‘ब्लॉक स्तरीय मेधावी छात्र चयन परीक्षा 2026’ का सफल आयोजन किया गया। संकुल शिक्षक स्तर से चयनित होकर आए इन मेधावी छात्रों में से अब ब्लॉक स्तर पर अव्वल रहे छात्र आगामी जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में चोपन ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे।​खण्ड शिक्षा अधिकारी (चोपन) लोकेश कुमार मिश्र की देखरेख में प्रथम सत्र की परीक्षा के आधार पर यह प्रतियोगिता अत्यंत निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई। इस प्रतियोगिता में विकास खंड चोपन के सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों से कक्षा 3, 5, 6 और 8 के चयनित कुल 241 बच्चों में से 188 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।​योग्य शिक्षकों द्वारा कॉपियों के निष्पक्ष मूल्यांकन के बाद ब्लॉक स्तर की मेरिट सूची जारी की गई। प्राथमिक स्तर पर कक्षा 3 से सुषमा (प्रा. वि. पडरीपान), शिवा (प्रा. वि. कुशवाहा टोला) और सूर्या (प्रा. वि. पडरीपान) तथा कक्षा 5 से क्षमा (प्रा. वि. पडरीपान), दीपिका (प्रा. वि. कुशवाहा टोला), सीमा (कंपोजिट वि. खेवन्हा) और तीर्थराज (प्रा. वि. पटवध) ने प्रथम तीन स्थानों पर अपनी जगह बनाई। वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर पर कक्षा 6 से काजल (उच्च प्रा. वि. सिंदुरिया), कृष्णा (उच्च प्रा. वि. खैरटिया) और अनुप्रिया (कंपोजिट स्कूल खेवन्हा) तथा कक्षा 8 से कृष्ण (उच्च प्रा. वि. खैरटिया), सलोनी (उच्च प्रा. वि. परासपानी), प्रिंस (कंपोजिट स्कूल परसोई) और सूरज कुमार (उच्च प्रा. वि. बभनमरी) चयनित हुए।​कार्यक्रम के समापन अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी लोकेश कुमार मिश्र ने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी शिक्षकों के प्रयासों की जमकर सराहना की। उन्होंने सभी चयनित और सफल बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा उनका उत्साहवर्धन करते हुए आगामी जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए और भी लगन के साथ तैयारी करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *