गीडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: विद्युत केबल चोरी मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार

₹4.30 लाख नकद बरामद

पूर्वा टाइम्स समाचार
गोरखपुर। थाना गीडा पुलिस ने विद्युत केबल चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पल्सर मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन और ₹4 लाख 30 हजार 100 नकद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई 20 मई 2026 की देर रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। पुलिस के मुताबिक, यह मामला मु0अ0सं0 226/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता मृत्युंजय सिंह पुत्र स्वर्गीय अशोक सिंह निवासी मल्हीपुर, थाना गीडा ने पुलिस को सूचना दी थी कि अज्ञात चोर उनके दो ड्रम विद्युत केबल चोरी कर ले गए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और सुरागरसी व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पाण्डेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने पिपरी गांव के पास छापेमारी कर पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय पाण्डेय निवासी शाहपुर गोरखपुर, राम प्रकाश भारती निवासी महराजगंज, उमेश गुप्ता निवासी औरैया हाल पता दिल्ली, अजय कुमार तथा सिकन्दर कुमार निवासी महराजगंज के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान पुलिस को चोरी की घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक पल्सर मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन और ₹4.30 लाख नकद बरामद किया। बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपियों का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास दर्ज नहीं मिला है।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक अंजय कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल रमाकांत यादव, रामप्रकाश सिंह, कांस्टेबल अशोक चौधरी, लवकुश चौधरी, नवनीत सिंह, अनिल यादव, राजकुमार और अखण्ड प्रताप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गीडा पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *