चोपन में डूडा विभाग के निर्माण कार्यों का हुआ स्थलीय निरीक्षण, अधूरे कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -चोपन। नगर में डूडा विभाग द्वारा कराए गए विभिन्न निर्माण कार्यों का गुरुवार को स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण टीम में परियोजना अधिकारी डूडा सुधांशु शेखर शर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली एवं अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह शामिल रहे। अधिकारियों ने सर्वप्रथम मान्यवर कांशीराम आवास परिसर पहुंचकर वहां कराए गए निर्माण कार्यों का जायजा लिया।इसके बाद नगर पंचायत के विस्तारित क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं प्रगति की समीक्षा की गई। वहीं कुछ कार्य अधूरे पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों को तत्काल कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ने कहा कि नगरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पहुंचे, इसके लिए समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी अधूरे कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।परियोजना अधिकारी डूडा सुधांशु शेखर शर्मा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर कमियां मिली हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी कार्य मानकों के अनुरूप पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया गया है।
अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी परियोजनाओं को तेजी से पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान अवर अभियंता जितेन्द्र तिवारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *