खुशियों के सफर में दर्दनाक अंत, बारातियों की पिकअप पलटने से तीन की मौत, कई घायल.
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के सिलथम के कठार गांव के पास मंगलवार देर रात बारातियों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक बाराती घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी तियरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर भेजा गया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के चंदरी बांध निवासी शिव कुमार के बेटे की बारात रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के रामपुर चेनारी गांव जा रही थी। सिलथम गांव के पास पहुंचते ही पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में आशीष (12), गोलू (13), आकाश (15), बिहारी (28), रोहित (22) और रामसुभग (20) समेत करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों के सेमरी बांध, थाना मड़िहान निवासी होने की जानकारी मिली है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।वही
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चर्चित गौड़ देर रात मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने प्राचार्य मेडिकल कॉलेज को सभी घायलों का समुचित एवं त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।









