गौ रक्षा यात्रा लेकर सोनभद्र पहुंचे शंकराचार्य, यूपी सरकार और राजनीति पर दिए बड़े बयान.

पूर्वा टाइम्स – समाचार

गौ रक्षा यात्रा को लेकर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सोमवार को सोनभद्र पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जनपद की दुद्धी, ओबरा, रॉबर्ट्सगंज और घोरावल विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को गोवंश संरक्षण और गौ रक्षा के प्रति जागरूक किया। यात्रा के दौरान शंकराचार्य ने गौवंशों की सुरक्षा को सबसे बड़ा उद्देश्य बताते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में ऐसे प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की, जो गौवंशों की रक्षा के लिए काम करें। रॉबर्ट्सगंज स्थित पूर्व विधायक रमेश चंद दुबे के नेत्र चिकित्सा शिविर के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे शंकराचार्य ने मीडिया से बातचीत में कई राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि गौवंशों की संख्या घटने के मामले में उत्तर प्रदेश सबसे ऊपर है, इसलिए यहां विधानसभा वार यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकारी आंकड़ों के अनुसार केरल, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में गोवंशों की संख्या में वृद्धि हुई है।
सीएम योगी आदित्यनाथ पर पूछे गए सवाल पर शंकराचार्य ने कहा कि “संत और राजा दोनों एक नहीं हो सकते, संत का पद ऊंचा और राजा का पद नीचे होता है।” वहीं मंत्रिमंडल विस्तार और पीडीए को लेकर पूछे गए सवाल को उन्होंने राजनीतिक विषय बताते हुए टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। प्रधानमंत्री द्वारा सोना खरीदने को लेकर दिए गए बयान पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। शंकराचार्य ने कहा कि डॉलर लगातार मजबूत हो रहा है और जल्द ही 100 रुपये पार कर सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार को ईंधन खर्च कम करने के लिए बड़े विमानों की जगह कम ईंधन वाले विमानों का उपयोग करना चाहिए। भाजपा नेताओं की गैरमौजूदगी पर भी उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि भाजपा कार्यकर्ता गौ रक्षा यात्रा में शामिल होंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वह धर्म का कार्य कर रहे हैं, जबकि राजनीति पहले से धर्म के क्षेत्र में हस्तक्षेप कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *