पटवध जल परियोजना का सदर विधायक ने किया औचक निरीक्षण, कार्य प्रगति पर जताई नाराजगी

पूर्वा टाइम्स – समाचार
चोपन/सोनभद्र। भाजपा सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘हर घर नल-हर घर जल’ के अंतर्गत पटवध में संचालित जलापूर्ति परियोजना का शनिवार को सदर विधायक भूपेश चौबे ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाते हुए जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश सरकार के मुखिया योगी आदित्यनाथ द्वारा ‘हर घर जल’ का जो संकल्प लिया गया है, उसे हर हाल में धरातल पर उतारा जाएगा। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यस्थल पर मौजूद अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली और पाया कि निर्धारित समय के अनुसार कार्य पूरा नहीं हो रहा है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी योजना के क्रियान्वयन में बाधा बनता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। विधायक ने कहा कि सरकार की मंशा पूरी तरह स्पष्ट है—हर गरीब और जरूरतमंद परिवार तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देशित किया कि गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य को पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द इस योजना का लाभ मिल सके। इस मौके पर विभागीय अधिकारी, कर्मचारी तथा कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। विधायक ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि जल्द ही जलापूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से शुरू कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *