गड्ढों से मुक्ति को सड़कों पर चलेगा अभियान, दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में लगेंगे साइनेज और कैटआई.

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा आमजन की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी वि./रा. वागीश कुमार शुक्ला ने की। उन्होंने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और लापरवाही की स्थिति में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बरसात में क्षतिग्रस्त सड़कों की होगी प्राथमिकता पर मरम्मत-:

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता निर्माण खंड और प्रांतीय खंड को निर्देशित किया कि बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और गड्ढों की पहचान कर अभियान चलाकर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराई जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों को गड्ढामुक्त रखने के लिए संबंधित विभाग नियमित निगरानी करें, ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी न हो।

दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में बढ़ेंगे सुरक्षा इंतजाम-:

एडीएम ने दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां आवश्यक साइनेज बोर्ड और कैटआई लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सड़कों पर मौजूद गड्ढों की मरम्मत कराने और सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई कराने को कहा गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वाहन चालकों को पर्याप्त दृश्यता उपलब्ध हो और दुर्घटनाओं की संभावना कम करने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं।

स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर जोर-:

बैठक में स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया। अपर जिलाधिकारी ने एआरटीओ और जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि विद्यालयों में संचालित वाहनों के चालकों की नियमित रूप से आंखों की जांच कराई जाए। साथ ही चालकों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने विद्यालयों में परिवहन समिति का गठन कराकर स्कूली वाहनों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से यह भी कहा गया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही को प्राथमिकता देते हुए वाहनों की स्थिति और निर्धारित सुरक्षा मानकों की निगरानी की जाए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें सभी संबंधित विभागों और आमजन की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, एआरटीओ कौशल सिंह सहित पुलिस विभाग और सड़क सुरक्षा समिति से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *