कुलडोमरी की बंधी बनी काल, तीन जिंदगियां खत्म, बचाने की कोशिश में भाई-बहन और बहनोई की मौत.पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -अनपरा थाना क्षेत्र के कुलडोमरी ग्राम पंचायत के बिरनबहरा टोला में रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। भूतहवा नाले के पास स्थित बंधी में नहाने गए एक ही परिवार के तीन सदस्य गहरे पानी में डूब गए। हादसे में 19 वर्षीय युवती, उसका 15 वर्षीय भाई और 22 वर्षीय बहनोई की मौत हो गई। तीनों के शव बरामद होने की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह उर्मिला, उसका भाई राजू और बहनोई अनिल शर्मा भूतहवा नाले के पास स्थित बंधी में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान अचानक उर्मिला और अनिल गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को संकट में देखकर राजू उन्हें बचाने के लिए पानी में उतर गया। हालांकि, पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाने के कारण वह भी डूबने लगा। देखते ही देखते तीनों पानी में समा गए। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों को जानकारी हुई तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अनपरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव एवं तलाश अभियान शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद तीनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान उर्मिला (19) पुत्री राम प्रसाद, राजू (15) पुत्र राम प्रसाद और अनिल शर्मा (22) के रूप में हुई है। एक ही परिवार से जुड़े तीन लोगों की असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस घर में कुछ समय पहले तक हंसी-खुशी का माहौल रहा होगा, वहां अब अपनों को खोने का दर्द और मातम छाया हुआ है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना से बिरनबहरा टोला सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *