अवैध खनिज परिवहन से अर्जित ₹4.18 करोड़ की संपत्ति कुर्क, तीन गैंगस्टर के खिलाफ सोनभद्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई.पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -अवैध खनिज परिवहन के जरिए अकूत संपत्ति अर्जित करने वाले गैंग के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गैंगस्टर एक्ट के तहत थाना चोपन पुलिस ने तीन अभियुक्तों की कुल 4 करोड़ 18 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति कुर्क की है। कुर्क की गई संपत्तियों में दो ट्रक और जमीन-मकान समेत विभिन्न अचल संपत्तियां शामिल हैं। यह कार्रवाई 14 नवंबर को जिला मजिस्ट्रेट सोनभद्र के आदेश के अनुपालन में की गई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध और संगठित अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई हुई। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त बिना वैध परमिट के गिट्टी और बालू जैसी खनिज संपदा का परिवहन कर अवैध धन अर्जित करते थे। इसी धनराशि से अपने और परिजनों के नाम पर विभिन्न स्थानों पर संपत्तियां खरीदी गई थीं। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत चिह्नित संपत्तियों की कुर्की के लिए रिपोर्ट भेजी थी। इसके बाद जिला मजिस्ट्रेट द्वारा उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत पारित आदेशों के अनुपालन में संपत्तियां कुर्क की गईं। पुलिस के मुताबिक, पहली कार्रवाई अभियुक्त आरिफ खान पुत्र निजामुद्दीन निवासी परही, थाना रॉबर्ट्सगंज की संपत्तियों पर हुई। उसकी कुल 1 करोड़ 43 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की गई। इसमें नगर पालिका उरमौरा स्थित आवासीय भूखंड और दो ट्रक संख्या UP64CT5215 तथा UP64CT9049 शामिल हैं। दूसरे अभियुक्त अखिलेश उर्फ धीरज केशरी पुत्र संजय केशरी निवासी वैनी, थाना रायपुर की 1 करोड़ 25 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की गई। पुलिस के अनुसार, उसके द्वारा कथित रूप से अवैध गतिविधियों से अर्जित धन से माता और पिता के नाम पर ग्राम देवरी, अवई, खड़हारी, नंदना और उरमौरा में जमीन तथा आवासीय भूखंड खरीदे गए थे। तीसरे अभियुक्त छोटू यादव उर्फ अमिनेष यादव पुत्र संकठा प्रसाद यादव निवासी मारकुंडी की 1 करोड़ 50 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की गई। इसमें ग्राम बेलकप में उसकी माता हंसा देवी और पिता संकठा प्रसाद यादव के नाम दर्ज विभिन्न आराजी की जमीन शामिल है। इस प्रकार तीनों अभियुक्तों की कुल 4 करोड़ 18 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की गई। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई का उद्देश्य संगठित अपराध और अवैध खनिज परिवहन से अर्जित संपत्तियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। कुर्की की कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा, तहसीलदार रॉबर्ट्सगंज अमित कुमार, प्रभारी निरीक्षक चोपन गोपाल जी गुप्ता, प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज धर्मेंद्र कुमार सिंह, निरीक्षक अपराध चोपन राजेश यादव तथा महिला थाना की थानाध्यक्ष सहित पुलिस और प्रशासनिक टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *