पक्के घर ने बदली जरूरतमंद परिवारों की जिंदगी

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना से सोनभद्र के एक लाख से अधिक जरूरतमंद हुए लाभान्वित

कच्चे घर में रहने वाली शांतिदेवी का है अब अपना पक्का घर

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र। पहाड़ी और वन क्षेत्रों में बसे गांवों में कभी कच्चे और जर्जर मकानों में जिंदगी गुजारने वाले गरीब परिवारों के लिए पक्का मकान अब हकीकत बन रहा है। म्योरपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत कुंडाडीह निवासी शांतिदेवी की जिंदगी भी प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से बदल गई है। गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाली शांतिदेवी का कच्चा मकान पूरी तरह जीर्ण-शीर्ण हो चुका था। बारिश के दिनों में परिवार की मुश्किलें और बढ़ जाती थीं। आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वह अपने लिए पक्का मकान बनवा सकें। ऐसे में पक्का घर उनके लिए महज सपना था। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ मिलने के बाद उनका यह सपना पूरा हुआ और अब वह सुरक्षित पक्के मकान में परिवार के साथ रह रही हैं। इसी तरह म्योरपुर विकासखंड के चंदन कुमार की जिंदगी में भी मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने बदलाव लाया है। लंबे समय तक कच्चे मकान में रहने वाले चंदन को योजना के तहत पक्का आवास मिला। अब उनका परिवार भी सुरक्षित और बेहतर आवासीय सुविधा का लाभ उठा रहा है। सरकार की इन आवासीय योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। सोनभद्र में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से अब तक एक लाख से अधिक जरूरतमंद परिवार लाभान्वित हो चुके हैं। पक्की छत मिलने से इन परिवारों के जीवन में सुरक्षा के साथ स्थायित्व और आत्मसम्मान भी बढ़ा है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत अब तक जनपद के 80515 लाभार्थियों को पक्के आवास की उपलब्धता सुनश्चित की जा चुकी है। वित्त वर्ष 2026-27 के तहत 35412 लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया चल रह है। इसी तरह मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 33483 लाभार्थियों को लाभान्वित किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने बताया कि इस योजना के तहत वित्त वर्ष 2026-27 में 5524 लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने का लक्ष्य शासन से प्राप्त हुआ था जिसके सापेक्ष अभी तक 4980 लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाया जा चुका है। शेष 694 लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *