तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूर को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम.पूर्वा टाइम्स – रमाशंकर सिँह

सोनभद्र -जुगैल थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब 29 वर्षीय मजदूर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया। दुर्घटना में मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मृतक के परिवार में कोहराम छा गया। मृतक की पहचान संतोष भारती पुत्र सागर, निवासी महलपुर, थाना जुगैल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संतोष मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मध्यप्रदेश को जोड़ने वाले मार्ग पर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों में बालू लदे हाईवा और बड़े वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बिना नंबर प्लेट के भी हाईवा और भारी वाहन दौड़ते हैं। दुर्घटना के बाद वाहन चालक आसानी से फरार हो जाते हैं, जिससे उनकी पहचान और कार्रवाई में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण लगाने और बिना नंबर प्लेट चल रहे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। उनका कहना है कि तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण सड़क पर चलने वाले लोगों की जान खतरे में बनी रहती है। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल रहा। एक मजदूर की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। फिलहाल हादसे के बाद फरार ट्रक चालक और वाहन के संबंध में विस्तृत पुलिस कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *