बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता रैली निकाल छात्र-छात्राओं ने दिया बाल विवाह मुक्त समाज का संदेश
क्यों दी बच्चों को सजा, बाल विवाह से लो बचा के संदेश के साथ किया गया जनजागरूकता कार्यक्रम
बाल विवाह की सूचना तत्काल 1098 पर दें, छात्र-छात्राओं को दिलाई गई जागरूकता की शपथ
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र, 30 सितम्बर 2026। महिला कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी के निर्देशानुसार एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में आज दिनांक 30 सितम्बर 2026 को हब फॉर इंपावरमेंट ऑफ वूमेन, चाइल्ड हेल्पलाइन एवं वन स्टॉप सेंटर की टीम द्वारा हंस वाहिनी इंटर कॉलेज कसया कला एवं पंचायत भवन तकिया में बाल विवाह के विरुद्ध जनजागरूकता कार्यक्रम एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान हब फॉर इंपावरमेंट ऑफ वूमेन की जेंडर एक्सपर्ट सीमा द्विवेदी एवं साधना मिश्रा, मिशन कॉर्डिनेटर नीतू यति, चाइल्ड हेल्पलाइन की केस वर्कर सीमा शर्मा तथा वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर दीपिका सिंह द्वारा छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा रोकथाम के संबंध में जानकारी दी गई। बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की तथा 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। यदि आसपास कहीं बाल विवाह हो रहा हो तो इसकी सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर देने के लिए जागरूक किया गया।
इस दौरान छात्र-छात्राओं को गुड टच एवं बैड टच के संबंध में भी जानकारी दी गई। बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग को अवगत कराने की शपथ दिलाई गई। उपस्थित सभी लोगों ने समाज में व्यापक जागरूकता फैलाकर भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में सक्रिय सहयोग प्रदान करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य उमाकांत मिश्र, राजेंद्र प्रसाद पांडे, सुमन, सैलमती, अरुण त्रिपाठी, चंद्रकांत मिश्र, सतीश यादव, कमलेश सिंह एवं मनोज कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में निर्धारित 1265 के सापेक्ष कुल 630 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।


