गांधी जयंती पर जनपद में होंगे विविध कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान को दिया जाएगा विशेष महत्व
02 अक्टूबर को मनाया जाएगा 157वां गांधी जयंती समारोह, अधिकारियों को तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र, 30 सितम्बर 2026।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर को जनपद में 157वां गांधी जयंती समारोह गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाएगा। समारोह की तैयारियों एवं निर्धारित कार्यक्रमों को लेकर आज कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश चंद्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रमों की रूपरेखा निर्धारित करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि गांधी जयंती के अवसर पर सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। प्रातः 07 बजे से नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्लास्टिक कचरे का संग्रहण एवं निस्तारण कराया जाएगा तथा आवश्यकता के अनुसार सैनिटाइजेशन की कार्रवाई भी की जाएगी।
प्रातः 07:30 बजे विद्यालयों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा स्वच्छता एवं गांधी जी के विचारों से संबंधित नारों का उद्घोष किया जाएगा। प्रातः 08:30 बजे तिरंगा स्टेडियम में खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी तथा प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
गांधी जी के जीवन एवं विचारों से विद्यार्थियों को कराया जाएगा परिचित*
प्रातः 09 बजे कार्यालयों, विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में महात्मा गांधी जी के जीवन, संघर्ष, देशसेवा एवं जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला जाएगा। विशेष रूप से निर्बलों के कल्याण, अन्त्योदय, मानसिक एकता, राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्र की एकता-अखंडता से संबंधित उनके विचारों से लोगों को परिचित कराया जाएगा। विभिन्न विभागों में व्याख्यानमाला तथा विद्यालयों में वाद-विवाद एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
इसके साथ ही दिवंगत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की पत्नियों को सम्मानित किया जाएगा। तहसील रॉबर्ट्सगंज एवं घोरावल में संबंधित अधिकारियों द्वारा सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
क्षय रोगियों को वितरित की जाएगी पोषण पोटली
गांधी जयंती के अवसर पर प्रातः 09:40 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय में 10 क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की जाएगी। इसकी व्यवस्था मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में विद्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान, बाल उद्यान एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के शिला-पट्ट की साफ-सफाई तथा माल्यार्पण सहित विभिन्न कार्यक्रमों को निर्धारित समय पर सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लालबहादुर शास्त्री जी के जीवन एवं योगदान पर भी प्रकाश डालने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांधी जयंती के सभी कार्यक्रमों को आपसी समन्वय के साथ गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जाए।


