खेवंधा में नदी किनारे घटी घटना, जांच में जुटी पुलिस.

पूर्वा टाइम्स -रमाशंकर सिंह

सोनभद्र -जुगैल थाना क्षेत्र के खेवधा गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 65 वर्षीय व्यक्ति का शव घर के बाहर नदी किनारे पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान अमरनाथ चेरो (65) पुत्र प्रताप, निवासी खेवधा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब छह बजे गांव के कुछ लोगों ने नदी किनारे पेड़ पर अमरनाथ का शव लटका देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी। जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कृष्ण कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना जुगैल थाना पुलिस को भी दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। परिजनों के अनुसार अमरनाथ चेरो के चार बेटे और तीन बेटियां हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उन्होंने फंदा किन परिस्थितियों में लगाया। घटना के कारणों को लेकर ग्रामीणों में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *