सोनभद्र के गुलाब स्वयं सहायता समूह के उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार, रोजाना मॉल से हुआ एमओयू.
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -नोएडा में आयोजित चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में सोनभद्र की महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। करमा विकासखंड के गुलाब आजीविका स्वयं सहायता समूह और रोजाना मॉल के बीच उत्पादों की बिक्री को लेकर एमओयू साइन किया गया है। इससे समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को संगठित बाजार और व्यापक बिक्री नेटवर्क उपलब्ध होने की उम्मीद है। ट्रेड शो में सोनभद्र के महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार विभिन्न उत्पादों को उपभोक्ताओं और कारोबारियों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। विशेष रूप से शुद्ध सरसों का तेल, रागी से तैयार उत्पाद और शहद लोगों को पसंद आ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर तैयार इन उत्पादों को अब बड़े बाजार से जोड़ने की पहल से महिला समूहों के कारोबार का दायरा बढ़ने की संभावना है।
रोजाना मॉल के साथ हुआ एमओयू-:
गुलाब आजीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य मधुबाला के अनुसार, समूह की महिलाओं द्वारा तैयार शुद्ध सरसों का तेल, रागी ठोकवा और बकरी के दूध से बने साबुन की बिक्री के लिए रोजाना मॉल के साथ एमओयू किया गया है। ट्रेड शो में इन उत्पादों को उपभोक्ताओं और कारोबारियों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक समूह की महिलाएं मुख्य रूप से स्थानीय स्तर पर अपने उत्पादों की बिक्री करती रही हैं। रोजाना मॉल के साथ हुए समझौते के बाद उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। इससे बिक्री बढ़ने के साथ महिलाओं की आय में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।
महिला उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा-:
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और बाजार से सीधे जुड़ने का मंच उपलब्ध करा रहा है। यहां समूहों को उपभोक्ताओं के साथ-साथ कारोबारियों और विभिन्न संस्थानों से संपर्क का अवसर मिल रहा है।
गुलाब आजीविका स्वयं सहायता समूह के लिए रोजाना मॉल के साथ हुआ एमओयू इसी दिशा में एक कदम है। बाजार का विस्तार होने से समूह की महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए स्थानीय बाजार से आगे निकलने का अवसर मिलेगा। समूह की महिलाओं को उम्मीद है कि उत्पादों की बिक्री बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्र में महिला उद्यमिता को मजबूती मिलेगी। बेहतर बाजार, बिक्री नेटवर्क और उत्पादों की पहचान बढ़ने से महिलाओं के लिए आय का स्थायी माध्यम विकसित हो सकता है।
ट्रेड शो में सोनभद्र के स्थानीय उत्पादों को मिल रही प्रतिक्रिया से स्वयं सहायता समूहों में भी उत्साह है। समूह की महिलाओं का कहना है कि उत्पाद तैयार करने के साथ उन्हें उचित बाजार उपलब्ध होना जरूरी है। रोजाना मॉल के साथ हुआ एमओयू इसी जरूरत को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


