मध्य प्रदेश से बिहार बॉर्डर तक शराब तस्करी की तैयारी, 178.92 लीटर अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार.
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत अनपरा पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मध्य प्रदेश बॉर्डर के पास एक हुंडई क्रेटा कार से 178.92 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत करीब 2.30 लाख रुपये बताई गई है। शराब तस्करी में इस्तेमाल क्रेटा कार की कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है। नकदी समेत कुल बरामदगी की कीमत करीब 14.30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को अनपरा पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से जानकारी मिली कि मध्य प्रदेश की तरफ से सफेद रंग की हुंडई क्रेटा कार (WB02AH8692) में अवैध अंग्रेजी शराब लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश बॉर्डर की ओर जांच शुरू की। इसी दौरान औड़ी मोड़ टोला दुल्लापाथर में सड़क किनारे सुनसान जगह पर एक सफेद क्रेटा कार खड़ी दिखाई दी। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें बैठे व्यक्ति ने अपना नाम अजय कुमार सिंह उर्फ झगड़ू बताया। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट और डिग्गी से अलग-अलग ब्रांड की शराब बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, वाहन से 750 एमएल की रॉयल स्टैग की 36 बोतल, 180 एमएल की मैकडॉवेल की 144 बोतल और 375 एमएल की रॉयल स्टैग की 336 बोतल बरामद हुईं। कुल 20 पेटियों में बरामद शराब की मात्रा 178.92 लीटर बताई गई है। शराब की बोतलों पर ‘For Sale in Madhya Pradesh Only’ और ‘For Sale in Union Territory Chandigarh Only’ लिखा हुआ मिला। पुलिस ने आरोपी को करीब रात 8:07 बजे औड़ी मोड़ दुल्लापाथर, मध्य प्रदेश बॉर्डर के पास गिरफ्तार किया। उसके पास से 1,500 रुपये नकद भी बरामद हुए। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह किराये पर क्रेटा कार लेकर मध्य प्रदेश गया था और वापसी के दौरान सिंगरौली स्थित सरकारी ठेके से शराब लोड कर बिहार बॉर्डर की ओर जा रहा था। उसका मकसद शराब को किसी ढाबे पर बेचकर ज्यादा पैसे कमाना था। आरोपी ने यह भी बताया कि शराब के संबंध में उसके पास कोई वैध कागजात नहीं थे। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय कुमार सिंह उर्फ झगड़ू पुत्र बिंदेश्वरी सिंह, उम्र करीब 47 वर्ष, निवासी कोईलखा, थाना जमुआ, जिला गिरिडीह, झारखंड के रूप में हुई है। इस मामले में थाना अनपरा में मु.अ.सं.-196/2026, धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक सच्चिदानंद दास, हेड कांस्टेबल गुड्डू बिन्द, कांस्टेबल रमेश और प्रवीण कुमार शामिल रहे।


