धान की फसल को कीट एवं रोगों से बचाने के लिए नियमित निगरानी करें किसान

तना बेधक, फुदका व विभिन्न रोगों से बचाव के लिए कृषि रक्षा विभाग ने जारी की सलाह

कीट-रोग के लक्षण दिखते ही अपनाएं नियंत्रण उपाय, सुरक्षित रखें धान की फसल

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -जिला कृषि रक्षा अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने अवगत कराया कि किसान भाई धान की फसल में लगने वाले कीट एवं रोगों से बचाव हेतु नियमित रूप से फसल की निगरानी करें। कीट अथवा रोग के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल अनुशंसित नियंत्रण उपाय अपनाकर धान की फसल को क्षति से बचाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि तना बेधक कीट के नियंत्रण हेतु 5 फेरोमोन ट्रैप प्रति हेक्टेयर प्रयोग करें। इसके अतिरिक्त बाईफेनथिन 10 प्रतिशत ईसी 500 मिलीलीटर, कार्बोफ्यूरान 3 जी 20 किलोग्राम, कारटॉप हाइड्रोक्लोराइड 4 जी 18 किलोग्राम, क्लोरेंट्रानिलिप्रोल 18.5 प्रतिशत एससी 150 मिलीलीटर अथवा फ्लुबेंडियामाइड 20 प्रतिशत डब्ल्यूजी 125 ग्राम में से किसी एक का निर्धारित मात्रा में प्रयोग करें।
हरा, भूरा एवं सफेद फुदका के नियंत्रण हेतु एसिटामीप्रिड 20 प्रतिशत एसपी 100 ग्राम, कार्बोफ्यूरान 3 जी 20 किलोग्राम, फिप्रोनिल 0.3 जी 20 किलोग्राम, इमिडाक्लोप्रिड 17.8 प्रतिशत 125 मिलीलीटर, थायामेथोक्सैम 25 प्रतिशत डब्ल्यूजी 100 ग्राम अथवा क्लोरपायरीफास 25 प्रतिशत ईसी 1.5 लीटर प्रति हेक्टेयर निर्धारित मात्रा में 500-600 लीटर पानी में घोलकर छिड़काव करें।
शीथ ब्लाइट, झोंका रोग एवं भूरा धब्बा रोग के नियंत्रण हेतु कृषि रक्षा अधिकारी ने अनुशंसित फफूंदनाशकों का निर्धारित मात्रा में 500-750 लीटर पानी में घोलकर प्रति हेक्टेयर छिड़काव करने की सलाह दी। इनमें कार्बण्डाजिम, थायोफिनेट मिथाइल, हेक्साकोनाजोल, प्रोपीकोनाजोल, मैकोजेब तथा एजोक्सीस्ट्रोबिन + डिफेनोकोनाजोल आदि रसायन शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि जीवाणु झुलसा एवं जीवाणुधारी झुलसा के नियंत्रण हेतु स्ट्रैप्टोमाइसिन सल्फेट 90 प्रतिशत + टेट्रासाइक्लीन हाइड्रोक्लोराइड 10 प्रतिशत 15 ग्राम को कॉपर ऑक्सीक्लोराइड 50 प्रतिशत डब्ल्यूपी 500 ग्राम के साथ मिलाकर प्रति हेक्टेयर 500-750 लीटर पानी में घोलकर छिड़काव करें।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने किसानों से अपील की कि रसायनों का प्रयोग अनुशंसित मात्रा एवं विधि के अनुसार ही करें तथा फसल में कीट अथवा रोग के लक्षण दिखाई देने पर कृषि विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों से आवश्यक सलाह प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *