मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का हुआ शुभारंभ

लघु एवं सीमांत किसानों को ₹6 लाख तक का ऋण 6 प्रतिशत प्रभावी ब्याज दर पर

सारथी ही मालिक’ की भावना से संचालित होगी भारत टैक्सी सेवा
पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र, 23 सितम्बर 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकासखंड रॉबर्ट्सगंज, तहसील रॉबर्ट्सगंज स्थित बी-पैक्स गयारतवल में आयोजित जनपदीय कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत लघु एवं सीमांत कृषकों को सुलभ एवं रियायती दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। पात्र कृषकों को ₹6 लाख तक का दीर्घकालीन ऋण 6 प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध होगा। समय से किस्त जमा करने वाले पात्र कृषकों को राज्य सरकार द्वारा ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा। योजना के लिए ₹384 करोड़ के ब्याज अनुदान की स्वीकृति तथा आगामी पांच वर्षों में लगभग 5 लाख कृषकों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ किया गया। सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (STCL) द्वारा संचालित इस सहकारी डिजिटल राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म में चालक सदस्य एवं हितधारक के रूप में जुड़ेंगे। ‘सारथी ही मालिक’ की भावना के साथ सेवा का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ चालकों के आर्थिक सशक्तीकरण और रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के अधिकारी, सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी, बैंक प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता सोनभद्र संजय कुमार वर्मा सहित संबंधित अधिकारियों ने सहभागिता की। बी-पैक्स अध्यक्षों, उपाध्यक्षों एवं सचिवों से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र कृषकों को लाभान्वित कराने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *