एनसीएल के सहयोग से सोनभद्र में रुपया 4.27 करोड़ के विकास कार्यों को मिलेगी गति

ओपेन जिम, दो एम्बुलेंस और दो सीसी रोड समेत कस्तूरबा विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण के लिए हुआ एमओयू

डीपीआर व समन्वय संबंधी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए उद्यमी मित्र के माध्यम से एनसीएल से समन्वय के निर्देश

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में एनसीएल सिंगरौली एवं जनपद के संबंधित विभागों के मध्य सीएसआर के अंतर्गत विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं के लिए एमओयू का हस्तांतरण किया गया। कुल रुपया 426.83 लाख (लगभग रुपया 4.27 करोड़) की लागत वाली इन परियोजनाओं से स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क एवं जनसुविधाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे।
एमओयू के अंतर्गत बढ़ौली चौराहे के पास ओपेन जिम के निर्माण के लिए रुपया 96.82 लाख की परियोजना पर नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज एवं एनसीएल सिंगरौली के मध्य एमओयू हुआ। दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए 02 एम्बुलेंस उपलब्ध कराने हेतु रुपया 66.00 लाख की परियोजना पर डिप्टी सीएमओ एवं एनसीएल सिंगरौली के मध्य एमओयू किया गया।
इसी क्रम में चतरा ब्लॉक में सेहुआं हनुमान मंदिर से अम्बेडकर हरिजन बस्ती तक सीसी रोड के निर्माण के लिए रुपया 98.25 लाख तथा करमा ब्लॉक में खुटहनियां बरबसपुर रोड से दूबे बगीचा तक सीसी रोड के निर्माण के लिए रुपया 95.72 लाख की परियोजनाओं पर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग एवं एनसीएल सिंगरौली के मध्य एमओयू हस्तांतरित किया गया। वहीं कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत के लिए रुपया 70.04 लाख की परियोजना पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं एनसीएल सिंगरौली के मध्य एमओयू हुआ।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि सीएसआर के माध्यम से कराए जा रहे सभी कार्य सीधे जनहित एवं जनसुविधाओं से जुड़े हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यों की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण किया जाए।
उन्होंने बताया कि 09 सितम्बर 2026 को आयोजित सीएसआर बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में एनसीएल सिंगरौली के महाप्रबंधक के साथ विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि डीपीआर तैयार करने अथवा किसी अन्य समस्या के समाधान के लिए उद्यमी मित्र के माध्यम से एनसीएल सिंगरौली से समन्वय स्थापित करते हुए समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सीएसआर परियोजनाओं को धरातल पर उतारें, जिससे इनका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, उपायुक्त उद्योग, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डिप्टी सीएमओ, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज, एनसीएल सिंगरौली के महाप्रबंधक राजीव रंजन, सीएसआर हेड राजाराम यादव एवं उद्यमी मित्र, सोनभद्र सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *