जिला पंचायत संसाधन केंद्र में भव्यता के साथ मनाया गया 11वां आयुर्वेद दिवस
आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ने के लिए छात्रों को किया प्रेरित
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र, 23 सितम्बर, 2026। आज 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जिला पंचायत संसाधन केंद्र (DPRC), जनपद सोनभद्र में जिलास्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने लोकजीवन में स्वास्थ्य संरक्षण एवं रोगों की चिकित्सा में आयुर्वेद के महत्व एवं बढ़ते प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में आयुर्वेद दिवस के महत्व एवं उद्देश्यों पर आधारित भाषण, निबंध, क्विज, पोस्टर पेंटिंग एवं रील वीडियो निर्माण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें जयप्रकाश नारायण सर्वोदय आवासीय बालिका विद्यालय, कीर्ति इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज, ओम प्रकाश कॉलेज ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज, जिला शैक्षणिक प्रशिक्षण संस्थान तथा राजकीय महिला महाविद्यालय राबर्ट्सगंज के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया। साथ ही प्रतिभागी शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. विश्वकर्मा, 50 शय्या आयुष चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. ज्योतिर्जय एवं वरिष्ठ चिकित्सकगण उपस्थित रहे। डॉ. अपूर्व प्रियदर्शी ने मंच संचालन करते हुए आयुर्वेद की उपयोगिता एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर आयुष विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


