सर्पदंश से बचाव के उपायों के प्रति किया गया जागरूक

गोल्डेन ऑवर में मरीज को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाना जरूरी

झाड़-फूंक व गलत उपचार में समय न गंवाएं: स्वास्थ्य विभाग

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र, 19 सितम्बर। अंतर्राष्ट्रीय सर्पदंश जागरूकता दिवस-2026 के अवसर पर निर्धारित थीम Snakebite Survivors & Rescuers: Champions for Change के तहत शनिवार को कीर्ति इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग पैरामेडिकल कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज में सर्पदंश जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नर्सिंग कॉलेज के प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं नोडल अधिकारी आईडीएसपी डॉ. प्रेमनाथ ने सर्पदंश से बचाव, रोकथाम तथा प्राथमिक सावधानियों की जानकारी दी।
डॉ. प्रेमनाथ ने बताया कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या किसी अन्य अप्रभावी उपचार में समय बर्बाद न करें और मरीज को गोल्डेन ऑवर में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं। सर्पदंश वाले स्थान को न काटें, मुंह से जहर चूसने का प्रयास न करें तथा वहां कोल्ड कंप्रेशन न लगाएं। सूजन की स्थिति को देखते हुए जूते, अंगूठी, घड़ी, आभूषण एवं तंग कपड़े तत्काल हटा दें। उन्होंने जहरीले एवं गैर-जहरीले सांपों के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सांपों से बचाव के लिए बाहर निकलते समय जूते-पैंट पहनें, रात में टॉर्च या पर्याप्त रोशनी का प्रयोग करें तथा घास, फसल, पत्तियों या लकड़ी के ढेर में हाथ डालने से पहले डंडे से जांच कर लें। कार्यक्रम में कॉलेज की प्रधानाचार्या प्रो. यावनीथा, आशीष कुमार, जिला डाटा मैनेजर-आईडीएसपी अरुण कुमार यादव, आपदा सलाहकार विजय कुमार सिंह, फार्मासिस्ट सीएचसी चोपन सहित प्रशिक्षार्थी एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *