ओबरा ताप विद्युत गृह में दीपों से जगमगाया परिसर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित

पूर्वा टाइम्स – समाचार

ओबरा, सोनभद्र। भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के दिशा-निर्देशों तथा निगम मुख्यालय द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में दिनांक 17 सितम्बर 2026 को सायं 07:00 बजे आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के अंतर्गत ओबरा ताप विद्युत गृह के प्रमुख परिसरों एवं कार्यालयों को दीपों से आलोकित किया गया।
इं. दूधनाथ, मुख्य महाप्रबंधक, ओबरा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में ओबरा ताप विद्युत गृह के विभिन्न प्रमुख परिसरों में दीप प्रज्वलित किए गए। प्रशासनिक भवन, वीआईपी गेस्ट हाउस, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, श्रमिक सुविधा केंद्र, टीटीआई सहित अन्य प्रमुख परिसरों को दीपों से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर आकर्षक एवं प्रकाशमय दिखाई दिया।
आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा-भाव, सद्भाव, स्वच्छता, सकारात्मकता एवं सामूहिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा सामूहिक रूप से सकारात्मक एवं स्वच्छ कार्य-संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
इस अवसर पर ओबरा ताप विद्युत गृह के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। दीपों से सुसज्जित विद्युत गृह परिसर ने एकता, सकारात्मक ऊर्जा एवं सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया।
ओबरा ताप विद्युत गृह विद्युत उत्पादन के अपने मूल दायित्व के निर्वहन के साथ-साथ स्वच्छता, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सकारात्मक कार्य-संस्कृति के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *