युवा शक्ति के संदेश के साथ सोनभद्र में दौड़ा नमो मैराथन

फिट इंडिया और खेलो इंडिया के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बना मैराथन

प्रभारी मंत्री व समाज कल्याण राज्य मंत्री ने प्रतिभागियों का बढ़ाया उत्साह, विजेताओं को किया सम्मानित

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर युवा शक्ति को प्रोत्साहित करने, फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ एवं सशक्त भारत का संदेश देने के उद्देश्य से जन कल्याण सेवा समिति के सौजन्य से आज जनपद सोनभद्र में नमो मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री डॉ. हंसराज विश्वकर्मा तथा विशिष्ट अतिथि समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता, भाजपा जिला प्रभारी अनिल सिंह, कार्यक्रम संयोजक डॉ. धर्मवीर तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने मैराथन में प्रतिभाग करने वाले युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के फिट इंडिया के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में नमो मैराथन एक सार्थक पहल है। ऐसे आयोजन युवाओं में स्वास्थ्य, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ ही उन्हें विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि सोनभद्र के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है कि उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराया जाए।
समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री के फिट इंडिय और खेलो इंडिया के संकल्प को आगे बढ़ाने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नमो मैराथन जनपद के युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. धर्मवीर तिवारी ने नमो मैराथन के उद्देश्यों एवं आयोजन की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि “दौड़ेगा युवा, बढ़ेगा देश का मान, स्वस्थ युवा ही हैं भारत की असली पहचान” के संदेश के साथ आयोजित यह मैराथन युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगी। मैराथन में प्रतिभाग करने वाले युवाओं ने पूरे उत्साह एवं जोश के साथ दौड़ में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को प्रभारी मंत्री डॉ. हंसराज विश्वकर्मा, समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोड़ एवं भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता द्वारा धनराशि, प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर सम्मानित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, आयोजकगण एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *